आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, फिजियोथेरेपी एवं पंचकर्म की विभिन्न सेवाओं से मरीजों को मिला स्वास्थ्य लाभ
उदयपुर, 2 सितंबर 2026
सेवा भारती, उदयपुर द्वारा संचालित प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र, हरिदास जी की मगरी, सुभाष चौराहा, उदयपुर में आयोजित समग्र आरोग्य शिविर के प्रथम दिवस बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार सेवाओं का लाभ लिया।
शिविर में मदन मोहन मालवीय राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, उदयपुर के प्राचार्य प्रो. अशोक कुमार शर्मा, क्रिया शरीर विभागाध्यक्ष एवं BNYS डीन प्रो. किशोरी लाल शर्मा, क्रिया शरीर विभाग की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम तथा पंचकर्म विभाग के चिकित्सकों की सहभागिता रही। इस अवसर पर महावीर विद्या मंदिर विद्यालय के प्रबंधक गजेन्द्र मेहता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक माननीय हेमेंद्र जी, सेवा भारती प्रांत अध्यक्ष विवेक बोहरा, प्रांत संरक्षक धारेन्द्र सालगिया , नाहर सिंह सहित सेवा भारती के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
दर्द से जुड़ी समस्याओं में मरीजों ने लिया उपचार का लाभ
प्राकृतिक आरोग्य केन्द्र के मुख्य विशेषज्ञ प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष चौधरी एवं सहयोगी चिकित्सक डॉ. चेतन दाधीच ने बताया कि शिविर में कमर दर्द, जोड़ों के दर्द, गर्दन के दर्द, फ्रोजन शोल्डर, साइटिका सहित विभिन्न दर्द एवं मांसपेशीय समस्याओं से पीड़ित मरीजों का चिकित्सकीय मूल्यांकन कर आवश्यकतानुसार उपचार किया गया।
मरीजों को आवश्यकता के अनुसार आई एफ टी , एक्यूप्रेशर , एक्यूपंक्चर इन्फ्रारेड थैरेपी, अभ्यंग एवं नाड़ी स्वेदन सहित पंचकर्म एवं प्राकृतिक चिकित्सा की विभिन्न उपचार पद्धतियों का लाभ प्रदान किया गया।
इसके साथ ही प्रकृति परीक्षण, नाड़ी परीक्षण, दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं आहार-विहार परामर्श, बी एम आई एवं फैट एनलाइजर द्वारा जाँच तथा ब्लड शुगर जाँच जैसी सेवाएँ भी क्रिया शरीर विभाग के विशेषज्ञों द्वारा उपलब्ध कराई गईं।
6 सितंबर तक जारी रहेगा समग्र आरोग्य शिविर
चिकित्सालय प्रभारी प्रकाश सोनी ने बताया कि समग्र आरोग्य शिविर 6 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रथम दिवस बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न निःशुल्क जाँच एवं उपचार सेवाओं का लाभ लिया। उन्होंने आमजन से शिविर की जानकारी जरूरतमंद परिवारों एवं परिचितों तक पहुँचाने की अपील की।
शिविर में आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, फिजियोथेरेपी, पंचकर्म एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से आमजन को सुलभ एवं निःशुल्क उपचार तथा स्वास्थ्य मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।